*प्रधानमंत्री के प्रयास से बिहार में स्वयं सहायता समूह से 10 गुना अधिक बहनें जुड़ी : सम्राट चौधरी*
पटना, 21 जनवरी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित शक्ति वंदन अभियान कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि आज 2014 के पहले और उसके बाद के भारत को समझने की जरूरत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री ने महिलाओं को सम्मान देने का काम किया।
श्री चौधरी ने कहा कि 2014 में बिहार में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं की संख्या मात्र 17 लाख थी जबकि आज बिहार में स्वयं सहायता समूह से 1.50 करोड़ बहने जुड़ी हुई है।
उन्होंने कहा पीएम ने समूह से महिलाओं को जुड़ने का लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ाया और बहनों को जोड़ने का प्रयास किया तो आज पहले से 10 गुना अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ सकी।
उन्होंने यह भी बताया कि यह बहुत कम लोग जानते होंगे कि स्वयं सहायता समूह में अगर 100 रुपए खर्च होता है तो 70 रुपए केंद्र सरकार देती है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि संसद का विशेष सत्र बुलाकर प्रधानमंत्री जी ने महिलाओं को आरक्षण देकर बड़ा सम्मान दिया है। आज संसद में 50 से 60 महिलाएं सदस्य हैं लेकिन आने वाले दिनों में इनकी संख्या 180 से ज्यादा होगी।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने अपने विभाग से महिलाओं के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने नारी शक्ति को राष्ट्र की शक्ति समझा यही कारण है कि उनकी सुविधा के लिए कई कार्यक्रम चलाए।
इस कार्यक्रम को राष्ट्रीय महामंत्री संगीता यादव ने भी संबोधित किया।
इस मौके पर कार्यक्रम की संयोजक निवेदिता सिंह, सुशील चौधरी तथा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष धर्मशिला गुप्ता, हेमलता वर्मा और अर्चना ठाकुर उपस्थित रही।